संन्यास के सवाल पर धोनी का पलटवार, जवाब सुनकर स्टेडियम में झूम उठे फैंस
महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर अक्सर लोग उनसे सवाल जवाब करते रहते हैं. लेकिन लखनऊ में महेंद्र सिंह धोनी ने इस पर चुप्पी तोड़ी. आपको बता दें लखनऊ सुपर जायंट्स और और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच में बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में मैच से पहले महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीता.
टॉस जीतने के बाद बतौर एंकर डैनी मॉरिसन ने उनसे सवाल किया और कहा कि यह उनका आखिरी आईपीएल मैच है जिसे वह पूरी तरह से एंजॉय कर रहे हैं. तब महेंद्र सिंह धोनी ने माइक थामते हुए कहा कि ‘यह आपने तय किया है कि यह मेरा आखिरी है’. महेंद्र सिंह धोनी के इतना कहते ही पूरे स्टेडियम में उनके चाहने वालों ने शोर मचाना शुरू कर दिया और खुशी जाहिर की.
अपने इन्हीं शब्दों के साथ महेंद्र सिंह धोनी ने यह भी साफ कर दिया कि वह फिलहाल संन्यास लेने नहीं जा रहे हैं और अगले सीजन में भी वह खेलते हुए जरूर नजर आएंगे. उनके फैंस के लिए यह एक बेहद बड़ी खुशखबरी है क्योंकि लगातार अटकलें लगाई जा रही थीं कि महेंद्र सिंह धोनी का यह आखिरी आईपीएल मैच होगा. इसके बाद वह संन्यास ले लेंगे लेकिन लखनऊ में उन्होंने अपने संन्यास को लेकर बड़ी चुप्पी तोड़ी है और अपने फैंस को यह खुशखबरी दी है.
लखनऊ सुपर जायंट्स लखनऊ की टीम है, जो अपने होमटाउन में खेल रही है. लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स और इसके खिलाड़ियों से ज्यादा लोगों के अंदर महेंद्र सिंह धोनी को लेकर के दीवानगी नजर आई. पूरे स्टेडियम में महेंद्र सिंह धोनी की टीशर्ट उनके मुखौटे और उनके नाम के शोर सुनाई दिए. सबसे ज्यादा फैंस महेंद्र सिंह धोनी के ही स्टेडियम में दिखाई दिए. महेंद्र सिंह धोनी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. यही वजह है कि पहली बार इकाना स्टेडियम पूरा फुल नजर आया.